मुजफ्फरपुर के किसानों के लिए फार्मर आईडी अब खेती-किसानी से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने में अहम साबित होगी। यह डिजिटल पहचान पीएम किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाओं तक पहुंच को आसान बनाएगी।
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के किसानों के लिए फार्मर आईडी अब खेती-किसानी से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने में अहम साबित होने वाली है। फार्मर रजिस्ट्री के बाद बनने वाली इस डिजिटल पहचान से पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ पाने के साथ किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लेना भी आसान होगा।
जमीन और किसान से जुड़ी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज होने से योजनाओं का लाभ अधिक सुगम और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा। किसानों की सुविधा के लिए जिले की सभी 373 पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
किसान की बनेगी डिजिटल पहचान
फार्मर रजिस्ट्री के तहत किसान की जमीन और उससे जुड़ी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज होगी। फार्मर आईडी बनने के बाद किसान पीएम किसान सम्मान निधि सहित फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, सहायता अनुदान और फसल नुकसान पर मिलने वाली सहायता जैसी योजनाओं का लाभ अधिक सुगमता से ले सकेंगे।
373 पंचायतों में विशेष शिविर
जिले की सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन, पंचायत कृषि कार्यालय या अन्य निर्धारित सार्वजनिक स्थलों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। किसानों से इन शिविरों में पहुंचकर फार्मर आईडी बनवाने की अपील की गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान को मिशन मोड में चलाने और किसानों के ई-केवाईसी कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया है।
ये कागजात लेकर पहुंचें
फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसान को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और अपने नाम की जमाबंदी की जरूरत होगी। किसान अपने पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार या राजस्व कर्मचारी से संपर्क कर सकते हैं। नजदीकी सीएससी या वसुधा केंद्र पर भी फार्मर आईडी बनवाई जा सकती है। यहां यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध है।
घर बैठे भी बना सकते हैं आईडी
किसान स्वयं भी बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद अपने सभी प्लॉट को फार्मर आईडी से जोड़ना होगा। प्रशासन ने किसानों से अधिक-से-अधिक संख्या में रजिस्ट्री कराने की अपील की है।
समस्या हो तो इन नंबरों पर करें संपर्क
फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी समस्या के लिए कृषि विभाग के हेल्पलाइन 18001801551 और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के हेल्पलाइन 18003456215 पर संपर्क किया जा सकता है।
पटना प्रमंडल स्तरीय फार्मर रजिस्ट्री हेल्पलाइन 9852827828 भी जारी किया गया है। किसान जिला कृषि पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, राजस्व कर्मचारी या किसान सलाहकार से भी सहायता ले सकते हैं।
