रांची के सदर अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू होने वाली है. ऑटो प्रोसेसर मशीन की मदद से अब कैंसर की जांच रिपोर्ट सिर्फ दो घंटे में उपलब्ध हो सकेगी. इससे मरीजों को जल्द इलाज शुरू करने में मदद मिलेगी.
रांची. सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर और जल्द इलाज देने की दिशा में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. अब कैंसर मरीजों के लिए भी जांच की प्रक्रिया को तेज करने की तैयारी है. अस्पताल में सभी प्रकार के कैंसर की जांच यानी हिस्टोपैथोलॉजी की सुविधा को बेहतर किया जाएगा. इसके लिए सदर अस्पताल प्रबंधन ऑटो प्रोसेसर मशीन खरीदने की तैयारी में है. अस्पताल प्रबंधन ने इसके लिए करीब 40 लाख रुपये का बजट तैयार किया है. बजट स्वीकृत होने के बाद निविदा प्रक्रिया के माध्यम से मशीन खरीदी जाएगी.
दो घंटे में मिल सकेगी जांच रिपोर्ट
नई ऑटो प्रोसेसर मशीन लगने के बाद कैंसर मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. रिपोर्ट करीब दो घंटे में मिलने की उम्मीद है. अभी जांच की कुछ प्रक्रिया मैन्युअल तरीके से होती है, जिसमें करीब चार घंटे का समय लगता है. जांच रिपोर्ट मिलने में देरी होने के कारण मरीजों को डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए भी इंतजार करना पड़ता है. नई मशीन से यह प्रक्रिया तेज होगी और मरीजों को समय पर इलाज शुरू कराने में मदद मिलेगी.
ट्यूमर की गंभीरता का पता लगाने में मदद
हिस्टोपैथोलॉजी जांच के जरिए कैंसर के ट्यूमर के प्रकार और उसकी गंभीरता का पता लगाने में मदद मिलती है. जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर मरीज के लिए आगे के इलाज की दिशा तय करते हैं.
अभी जांच की प्रक्रिया मैन्युअल
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ बिमलेश सिंह ने बताया कि कैंसर की जांच के लिए ऑटो प्रोसेसर मशीन खरीदी जा रही है. मशीन लगने के बाद करीब दो घंटे में कैंसर की जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी. अभी जांच की कुछ प्रक्रिया मैन्युअल होने के कारण इसमें अधिक समय लगता है.
