साहिबगंज के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय के दो शिक्षकों, मनोहर शर्मा और कुमार बागीश को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और नवाचारी कार्यों के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया है.यह सम्मान देशभर के 200 शिक्षकों को दिया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और निपुण भारत मिशन के तहत महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
प्रतिनिधि, साहिबगंज. साहिबगंज जिले के लिए रविवार का दिन गौरवपूर्ण रहा. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय, साहिबगंज के दो शिक्षक मनोहर शर्मा एवं कुमार बागीश को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया. यह सम्मान 6 सितंबर को बिहार के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा स्थित पालकी व्यू पैलेस में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया.
देशभर के 200 शिक्षकों को मिला सम्मान
मुसाय नायक सीता देवी एजुकेशनल ट्रस्ट, रोसड़ा, समस्तीपुर की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत मिशन के तहत देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं का चयन किया गया था. इन्हीं में साहिबगंज के दोनों शिक्षकों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
नवाचार और डिजिटल शिक्षा में उल्लेखनीय काम
मनोहर शर्मा और कुमार बागीश द्वारा विद्यालय में नवाचार, टीएलएम निर्माण, फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (FLN), समावेशी शिक्षा, डिजिटल शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है. शिक्षा को अधिक रोचक, सहज और प्रभावी बनाने के उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान के लिए चुना गया.
NEP और निपुण भारत मिशन में शिक्षकों की भूमिका पर जोर
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की गयी. वक्ताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, निपुण भारत मिशन, FLN, नवाचार और डिजिटल शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला.
कार्यक्रम में मुसाय नायक सीता देवी एजुकेशनल ट्रस्ट के संयोजक सत्येंद्र कुमार नायक, केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, उच्च शिक्षा विभाग बिहार सरकार के निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल, बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण कुमार एवं बिहार विधानसभा सदस्य वीरेंद्र कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
जिले के लिए गौरव का क्षण
मनोहर शर्मा एवं कुमार बागीश को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान मिलने से मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय, साहिबगंज के साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है. शिक्षकों की इस उपलब्धि को जिले के शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
