लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में हुई भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
मिथिलानी डेस्क, पटना। Bihar Temple Stampede: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में मची भगदड़ (Bihar Temple Stampede) से 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोग घायल हैं, जिनका इलाज लखीसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के लिए मुआवजे का एलान किया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
सम्राट चौधरी ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है और पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
