दरभंगा का 18 वर्षीय साजन पासवान मखाना फोड़ने बंगाल गया था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गले में रस्सी बंधी लाश मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बेनीपुर (दरभंगा)। रोजगार की तलाश में बंगाल गया 18 वर्षीय युवक जिंदगी की जगह मौत का ऐसा रहस्य छोड़ गया, जिसने स्वजन को झकझोर दिया है।
हरिश्चंद्रपुर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सामने आई तस्वीरों में उसके गले में रस्सी बंधी दिखाई दे रही है। इसके आधार पर स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मखाना फोड़ने के लिए गया था बंगाल
बहेड़ा थाना क्षेत्र के भेड़ियाही टोला, वार्ड संख्या-12 निवासी सिधेश्वर पासवान का पुत्र साजन पासवान मजदूरी करता था। परिवार के भरण-पोषण में सहयोग के लिए वह काम की तलाश में रहता था।
स्वजन के अनुसार, 30 जुलाई को बेनीपुर नवटोलिया निवासी इंदल साहनी एवं मेघा देवी उसे मखाना फोड़ने के काम के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर ले गए थे।
उसी शाम मिली मौत की सूचना
स्वजन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बंगाल पहुंचने के कुछ ही घंटे बाद उसी दिन शाम करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि साजन की हत्या कर दी गई है। अचानक मिली इस सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद स्वजन पश्चिम बंगाल पहुंचे और संबंधित थाना पुलिस से साजन का शव प्राप्त किया।
