देर रात एनएच-27 पर मोतिहारी से मुजफ्फरपुर आ रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से सभी 35 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।

एक्सीडेंट न्यूज: मोतिहारी से मुजफ्फरपुर आ रही एक यात्री बस में देर रात एनएच-27 के बरजी ओवरब्रिज पर अचानक आग लग गयी. आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस रोक दी, जिसके बाद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गये. देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गयी और जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.

अचानक बस में भड़क उठी आग

घटना देर रात करीब 12 बजे की बतायी जा रही है. मोतिहारी से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही यात्री बस जैसे ही बरजी ओवरब्रिज पर पहुंची, उसमें अचानक आग लग गयी. शुरुआती जानकारी के अनुसार बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जतायी जा रही है. आग की लपटें दिखाई देते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी.

चालक ने समय रहते रोकी बस

बस में आग लगने का पता चलते ही चालक ने तत्काल वाहन को रोक दिया. इसके बाद यात्रियों को तेजी से बस से बाहर निकाला गया. आग तेजी से फैल रही थी. कुछ ही देर में बस का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया और वह धू-धूकर जलने लगी.

अग्निशमन टीम ने सभी 35 यात्रियों को बचाया

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अमृता कुमारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया. बस में सवार सभी 35 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया.

पूरी बस जलकर हुई क्षतिग्रस्त

bus fire accident muzaffarpur.jpeg

आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह लपटों से घिर गयी. अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने तक बस बुरी तरह जल चुकी थी. हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना के बाद बरजी ओवरब्रिज पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गये. प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है. हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *