Mithilani

Bihar Government: बिहार में शिक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई ऐलान किए हैं. मैट्रिक-इंटर का रिजल्ट जल्द जारी करने से लेकर फेल छात्रों को दोबारा परीक्षा का मौका देने की बात कही गई है. साथ ही BHU सेंटर और शिक्षकों की ट्रेनिंग के लिए नए विश्वविद्यालय की घोषणा भी हुई है.

Bihar Government: (प्रह्लाद कुमार की रिपोर्ट) शिक्षक दिवस के मौके पर बिहार सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े ऐलान किए. एसके मेमोरियल सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मैट्रिक और इंटर की परीक्षा से लेकर शिक्षकों की ट्रेनिंग तक कई अहम बातें कहीं. उन्होंने कहा कि मैट्रिक और इंटर की परीक्षा का परिणाम एक सप्ताह के अंदर घोषित किया जाएगा.

सेंटर वार जारी होगा परीक्षा परिणाम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार की योजना सेंटर वार परीक्षा परिणाम जारी करने की है. उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश परीक्षा के बाद जल्द से जल्द रिजल्ट जारी करने की है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा तो 48 घंटे में परीक्षा परिणाम घोषित करने की है. इसके लिए परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा.

फेल छात्रों को 15 दिन में दोबारा परीक्षा का मौका

मुख्यमंत्री ने फेल होने वाले विद्यार्थियों को लेकर भी बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि ऐसे छात्रों को 15 दिनों के अंदर दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा. इससे विद्यार्थियों को एक साल इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

शिक्षकों की ट्रेनिंग के लिए बनेगा नया विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए एक नया विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा. इसका उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता बढ़ाना और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है.

उन्होंने बिहार में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) का सेंटर खोलने की भी घोषणा की. सरकार की योजना से राज्य में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार होने की उम्मीद है.

एक साल में जमीन पर उतरेगा विक्रमशिला विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विक्रमशिला विश्वविद्यालय को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि एक साल के अंदर विक्रमशिला विश्वविद्यालय को जमीन पर उतारा जाएगा. इसके साथ ही विश्वविद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता देने की बात कही.

शिक्षकों को समय पर मिलेगा वेतन

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों को समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने मदरसा और संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों के बकाये को लेकर भी घोषणा की.

उन्होंने कहा कि सितंबर तक मदरसा और संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों के सभी बकाये का भुगतान कर दिया जाएगा.

वित्त रहित शिक्षकों के लिए नया वेतनमान

मुख्यमंत्री ने वित्त रहित शिक्षकों को लेकर भी सरकार की योजना बताई. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के आंतरिक संसाधनों और सरकारी अनुदान की मदद से वित्त रहित शिक्षकों के लिए नया वेतनमान देने की योजना है.

सरकार के इन ऐलानों से परीक्षा व्यवस्था में बदलाव के साथ-साथ शिक्षकों की ट्रेनिंग, वेतन और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी नई पहल की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *