रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वासुदेव टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में रविवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें नौ वाहन जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
रांची। राजधानी के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वासुदेव टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि वर्कशॉप में खड़े नौ वाहन जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
हालांकि, अग्निशमन विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे आग को वर्कशॉप के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
