केवटी प्रखंड के दक्षिण रनवे गांव में ऐतिहासिक बाबा रामेश्वर नाथ महादेव मंदिर 18वीं शताब्दी में बना था | केवटी प्रखंड मुख्यालय से दक्षिण रनवे गांव स्थित ऐतिहासिक बाबा रामेश्वर नाथ महादेव मंदिर इन दिनों शिवभक्ति के रंग में सराबोर है। सावन के पावन महीने में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। खासकर सोमवारी के दिन मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की चहल-पहल देखने को मिलती है।
दरभंगा के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र
समय के साथ बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर की पहचान केवल केवटी तक सीमित नहीं रही। आज यह पूरे दरभंगा जिले और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव का भव्य शिवलिंग स्थापित है, जहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती की जाती है। मंदिर परिसर से सटा विशाल तालाब इसकी प्राकृतिक सुंदरता के साथ धार्मिक महत्व को भी बढ़ाता है।
सोमवारी को होता है बाबा का विशेष श्रृंगार
मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश यादव के अनुसार, प्रतिदिन शाम को बाबा का श्रृंगार और आरती की जाती है। वहीं सावन की प्रत्येक सोमवारी को विशेष श्रृंगार एवं आरती का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
सावन के दौरान यहां विशेष पूजा, जलाभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है।
