एसएसपी के निर्देश पर मधुबनी शहर में चला सघन वाहन जांच अभियान, 14 चालान काटे गए

मधुबनी। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को मधुबनी ट्रैफिक पुलिस ने शहर के चभच्चा चौक, तिलक चौक सहित विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणि रंजन के दिशा निर्देश पर नेतृत्व एडिशनल एसएचओ अमन कुमार सिंह ने किया। इस दौरान शस्त्र पुलिस पूनम कुमारी, सुरुचि कुमारी तथा होम गार्ड राकेश कुमार सहित और पुलिस बल मौजूद रहा।

जांच अभियान के दौरान विशेष रूप से दोपहिया वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, वाहन के आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया। जांच के क्रम में नियमों का उल्लंघन करने वाले 14 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इन चालानों से कुल 33,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणि रंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस अपने साथ रखें तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखें। यातायात नियमों की अनदेखी न केवल कानूनी कार्रवाई का कारण बनती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

उन्होंने बताया कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से इस प्रकार का जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *