मधुबनी जिले के पंडौल प्रखंड में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। सर्किल ऑफिसर प्रीति मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पंडौल थाना के अधिकारी भी मौजूद रहे। थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद से संबंधित चार शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया।

इनमें से तीन मामलों में आपसी सहमति के आधार पर भूमि के सीमांकन का फैसला लिया गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया।

सर्किल ऑफिसर प्रीति मिश्रा ने बताया कि सरकार के निर्देश पर प्रत्येक शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया जाता है। इसमें मुख्य रूप से भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई कर उनका समाधान करने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने बताया कि जब किसी भूमि विवाद की शिकायत उनके पास पहुंचती है, तो दोनों पक्षों को नोटिस भेजकर थाना दिवस के मौके पर बुलाया जाता है। इसके बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले की सुनवाई की जाती है और आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जाता है।

प्रीति मिश्रा ने कहा कि भूमि विवाद कई बार हिंसक रूप ले लेते हैं और मारपीट तक की स्थिति पैदा हो जाती है। थाना दिवस जैसी पहल से समय रहते विवादों का समाधान होने पर बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है और लोगों को आपसी सहमति से न्याय दिलाने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *