मधुबनी/ पंडौल । अयाची नगर युवा फाउंडेशन एवं वैदेही पब्लिक स्कूल, भौर के संयुक्त तत्वावधान में 8 अगस्त को 62वां भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर संस्था के सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

संस्था के संस्थापक विक्की मंडल ने बताया कि अयाची नगर युवा फाउंडेशन जिले में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था से करीब 2,000 सक्रिय रक्तदाता जुड़े हैं, जो जरूरत पड़ने पर स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आते हैं।

विक्की मंडल के अनुसार, संस्था के माध्यम से अब तक हजारों यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा चुका है। इससे कई मरीजों को समय पर रक्त मिल सका और उनकी जान बचाने में मदद मिली।

उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से जन्मदिन सहित अन्य विशेष अवसरों को भी सामाजिक सेवा से जोड़कर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इनमें कई शिविर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को समर्पित होते हैं, जिन्हें नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है।

बैठक में संस्था के सदस्यों ने जिलेवासियों, खासकर युवाओं और सामाजिक संगठनों से �⁠8 अगस्त के रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद पैदा कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *