Mithilani

2026 के नागोया एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम के ठहरने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विवादों पर सफाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है.

Asian Games 2026: जापान के नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम के ठहरने को लेकर चल रहे विवाद पर BCCI ने सफाई दी है. BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए अच्छी और आरामदायक रहने की व्यवस्था की गई है. हालांकि, ये होटल 5 स्टार नहीं होंगे.

नागोया में होटल की कमी बनी वजह

राजीव शुक्ला ने बताया कि नागोया में बड़े और फाइव स्टार होटलों की संख्या कम है. इसी वजह से खिलाड़ियों को वहां उपलब्ध व्यवस्था में ही ठहराने का फैसला किया गया है. उन्होंने कहा कि टीम को टोक्यो या ओसाका में ठहराना भी एक विकल्प था, लेकिन वहां से नागोया आने-जाने में काफी समय लगता.

शुक्ला ने कहा कि खिलाड़ियों को अलग-अलग कमरे दिए जाएंगे. उन्हें ट्विन-शेयरिंग कमरे में नहीं रहना होगा. BCCI के पास खिलाड़ियों के लिए तय किए गए होटल की तस्वीरें और वीडियो भी हैं और बोर्ड व्यवस्था से संतुष्ट है.

IOA और आयोजकों ने मिलकर की व्यवस्था

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा ने भी कहा कि खिलाड़ियों के ठहरने का इंतजाम किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स के आयोजक, IOA और BCCI मिलकर खिलाड़ियों की व्यवस्था देख रहे हैं. हालांकि, होटल की बुकिंग किसने की है, इसको लेकर थोड़ी असमंजस की स्थिति बनी हुई है. राजीव शुक्ला ने कहा कि अगर व्यवस्था में कोई कमी दिखाई देती है तो उसे दूर किया जाएगा.

होटल से ज्यादा मैदान की चिंता

BCCI उपाध्यक्ष ने कहा कि असली चिंता खिलाड़ियों के होटल की नहीं, बल्कि मैदान, पिच और ड्रेसिंग रूम को लेकर थी. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की टीम ने नागोया जाकर इन सुविधाओं का जायजा लिया है. टीम ने अब मैदान और पिच समेत बाकी व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है.

22 सितंबर को जापान से ऐतिहासिक मुकाबला

भारतीय टीम 20 सितंबर को जापान के लिए रवाना होगी. टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एक ऐतिहासिक टी20 मुकाबला खेलेगी. इसके बाद भारत 28 सितंबर से एशियन गेम्स में अपना अभियान शुरू करेगा.

भारत पिछली बार चीन में हुए एशियन गेम्स में पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट प्रतियोगिताओं का चैंपियन रहा था. राजीव शुक्ला ने कहा कि भारत इस बार भी मजबूत टीम के साथ उतर रहा है और खिताब बचाने की पूरी कोशिश करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *