मधुबनी में झंझारपुर के बाद एक और मिथिला हाट बनाने की तैयारी चल रही है, जिसके लिए बसुआड़ा मौजा में 24 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई है। यह पीपीपी मॉडल पर 150 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा।

मिथिलानी डेस्क, मधुबनी। मधुबनी में झंझारपुर के बाद एक और मिथिला हाट के निर्माण की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए जिला मुख्यालय के निकट बसुआड़ा मौजा में लगभग 24 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है।

संबंधित दस्तावेज जैसे खतियान, अंचल कर्मी की रिपोर्ट, नजरी नक्शा और अनापत्ति प्रमाणपत्र एक अगस्त को अंचल से जिलाधिकारी को भेजे गए हैं।

जिलाधिकारी एनओसी जारी कर पर्यटन विभाग को भेजेंगे। यह मिथिला हाट पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी माडल) पर प्रस्तावित है, जिसके लिए मधुबनी के विधायक माधव आनंद ने विभाग के पास प्रस्ताव रखा था। उन्होंने भूमि चिह्नित कर विशेष सचिव, पर्यटन विभाग को अवगत कराते हुए पहल करने की मांग की थी।

चिह्नित स्थल पर लगभग 10 एकड़ में पोखर और खाली जमीन है। रहिका अंचल ने उस प्रस्तावित भूमि की सभी जानकारी अपडेट कर जिलाधिकारी को उपलब्ध करा दी है। तालाब का सुंदरीकरण कर बोटिंग, फव्वारा और लाइटिंग से उसे आकर्षक बनाने की योजना है। इसे रिंग रोड से भी कनेक्ट किया जाएगा।

मधुबनी विधायक माधव आनंद ने बताया कि झंझारपुर की तर्ज पर ही मधुबनी शहर के आसपास मिथिला हाट बनाने के लिए विभाग को प्रस्ताव दिया था। विधानसभा में भी इस पर चर्चा की गई थी। इसकी लागत करीब 150 करोड़ रुपये आएगी।

झंझारपुर मिथिला हाट पर्यटन और रोजगार का बड़ा केंद्र

झंझारपुर के अररिया संग्राम में मिथिला हाट का उद्घाटन 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। यहां प्रतिदिन राज्य भर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

यह पर्यटन और रोजगार का बड़ा केंद्र है। झंझारपुर स्थित मिथिला हाट सांस्कृतिक और पर्यटन परिसर है, जहां मिथिलांचल की कला, परंपरा, खान-पान और लोक संस्कृति को मंच मिला है।

यहां मिथिला पेंटिंग और स्थानीय हस्तशिल्प की वस्तुएं उपलब्ध हैं। पारंपरिक व्यंजनों के लिए भंसाघर और ओपन फूड कोर्ट की सुविधा है। मनोरंजन के लिए बोटिंग, बैलगाड़ी की सवारी, फन जोन के साथ म्यूजिकल फाउंटेन शो भी होता है।

डिजिटल तारामंडल स्पेस एंड एस्ट्रोनामी एजुकेशन सेंटर के लिए भी जमीन चिह्नित

डिजिटल तारामंडल स्पेस एंड एस्ट्रोनामी एजुकेशन सेंटर की भी तैयारी चल रही है। परीक्षा भवन और डिजिटल तारामंडल स्पेस एंड एस्ट्रोनामी एजुकेशन सेंटर के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्य तेज कर दिए गए हैं।

रहिका आरके कालेज में वज्रगृह सह परीक्षा भवन के लिए 98 डिसमिल (लगभग एक एकड़) भूमि का अधिग्रहण किया गया है, जिसका प्रस्ताव जिले को भेजा गया है।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने भूमि उपलब्ध कराने की मांग की थी। कालेज प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त हो चुका है। कपिलेश्वर स्थित कोसी प्रोजेक्ट की लगभग दो एकड़ (3.1 डिसमिल) भूमि को डिजिटल स्पेस एंड एस्ट्रोनामी एजुकेशन सेंटर के लिए अधिग्रहित किया गया है।

रहिका अंचल क्षेत्र में तीन महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए भूमि का अधिग्रहण करते हुए सभी आवश्यक दस्तावेज के साथ प्रस्ताव भेजा गया है। इन योजनाओं के माध्यम से न केवल जिले के छात्रों को अध्ययन का अवसर मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के साथ विकास के नये अवसर प्राप्त होंगे।

मिथिला हाट निर्माण के प्रस्ताव पर काम चल रहा है। उसकी चेक लिस्ट में कई बिंदुओं का मूल्यांकन बाकी है। इसमें कुछ दिन लगेगा उसके बाद संबंधित विभाग को भेजा जाएगा।
-आनंद शर्मा, जिलाधिकारी, मधुबनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *