दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अंगीभूत कालेजों में फेरबदल किया है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय की कुलसचिव डा. दिव्या रानी हंसदा ने बुधवार को अधिसूचना जारी की है। इसके मुताबिक, आठ प्रमुख कालेजों के प्रभारी प्रधानाचार्यों के प्रभार में बदलाव करते हुए नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
सभी नए नियुक्त अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपना पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार, वीएसजे कालेज, राजनगर मधुबनी में केवी साइंस कालेज, उच्चैठ के मैथिली विभाग के सह-प्राध्यापक डा. आलोक कुमार पाठक को नया प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया है।
डीबी कालेज, जयनगर में विश्वविद्यालय गणित विभाग के सह-प्राध्यापक डा. अयाज अहमद को कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आरएन कालेज, पंडौल में आरबीएस कालेज, अंदौर के भौतिकी विभाग के सह-प्राध्यापक डा. मो. शिबली रहमानी को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। मिल्लत कालेज, लहेरियासराय में विश्वविद्यालय दर्शनशास्त्र विभाग के सह-प्राध्यापक डा. राजीव कुमार को प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया है।
केएस कालेज, लहेरियासराय में विश्वविद्यालय उर्दू विभाग के सह-प्राध्यापक डा. गुलाम सरवर को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह एमआरएम कालेज में विश्वविद्यालय संगीत एवं नाट्य विभाग के प्रो. पुष्पम नारायण को कालेज का नया प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया है।
अनुमंडलीय राजकीय डिग्री कालेज, बेनीपुर में विश्वविद्यालय रसायनशास्त्र विभाग के प्रो संजय कुमार चौधरी को प्रभारी प्रधानाचार्य का दायित्व दिया गया है।
यूपी कालेज, पूसा समस्तीपुर में यूपी कालेज के रसायनशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डा. भवेश कुमार शांडिल्य को प्रभारी प्रधानाचार्य के रूप में कार्य करने के लिए अधिकृत किया गया है। अधिसूचना में पूर्व से अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे प्रधानाचार्यों को नए नियुक्त प्रभारियों को अविलंब पदभार सौंपने का निर्देश दिया गया है।
