Vacancy In Bihar: बिहार के युवाओं के लिए अच्छी खबर है. अगले तीन महीनों में 1.17 लाख पदों पर बहाली होने वाली है. दारोगा से लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं तक के पदों पर वैकेंसी निकलने वाली है. बिहार सरकार की ओर से इसे लेकर तैयारी कर ली गई है.
पटना से अनुराग प्रधान की रिपोर्ट
Vacancy In Bihar: बिहार में अगले तीन महीने में एक लाख 17 हजार 308 से अधिक पदों पर अलग-अलग कई महत्वपूर्ण वैकेंसी आने वाली है. विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर, स्कूलों में शिक्षक और लाइब्रेरियन समेत पुलिस, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि और आंगनबाड़ी विभाग में भी बड़ी संख्या में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की तैयारी है.
शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा बहाली
सबसे बड़ी बहाली टीआरई-4 और स्वास्थ्य विभाग में है. टीआरई -4 में 33,385 पद, स्वास्थ्य विभाग में 32,700 पद, आंगनबाड़ी में सेविका और सहायिका के करीब 22,891 पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के 9,532 पद, लाइब्रेरियन के करीब 5,800 पद, कृषि विभाग में 5,500 पदों के साथ अन्य विभागों में बहाली आयेगी. लेकिन, इनमें कुछ भर्तियां अभी प्रस्तावित हैं और उनके लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी होना बाकी है.
9,532 पदों पर असिस्टेंट प्रोफेसर की बहाली
बिहार के विश्वविद्यालयों में लंबे समय से स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति का इंतजार कर रहे नेट और पीएचडी योग्य अभ्यर्थियों के लिए बड़ी भर्ती की तैयारी है. बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग और शिक्षा विभाग ने करीब 9,532 पदों पर नियुक्ति का प्रारूप तैयार किया है. इसमें राज्य के पारंपरिक विश्वविद्यालयों की रिक्तियों के साथ नये स्थापित 211 डिग्री कॉलेजों के 2,532 पद भी शामिल बताए जा रहे हैं. विश्वविद्यालयों से रोस्टर क्लीयरेंस के आधार पर रिक्तियों का ब्योरा मांगा गया है.
लाइब्रेरियन के 5800 पदों पर बहाली
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा- 2026 होगी. इसके माध्यम से करीब 5,800 लाइब्रेरियन पदों पर नियुक्ति का रास्ता खुलने की उम्मीद है. पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन एक से 21 अक्टूबर तक लिए जायेंगे. परीक्षा 19 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच प्रस्तावित है.
टीआरई-4 में 33385 शिक्षकों की भर्ती
स्कूल शिक्षक भर्ती की दिशा में भी बड़ी प्रक्रिया चल रही है. बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 के तहत अब कुल 33, 385 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा होगा. आने वाले महीनों में बिहार के अलग-अलग विभागों में अन्य बड़ी भर्तियों की भी तैयारी है.
आने वाले दिनों में संभावित भर्तियां
पुलिस विभागः सिपाही, दरोगा और चालक सिपाही समेत बड़ी संख्या में पदों पर भर्ती की तैयारी.
स्वास्थ्य विभागः करीब 32, 700 पदों पर अलग-अलग स्तरों की नियुक्ति प्रक्रियाएं प्रस्तावित.
ऊर्जा विभाग: तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर करीब 7,500 रिक्तियां आने की संभावना.
कृषि विभागः कृषि सेवा से जुड़े करीब 5,500 पदों पर नियुक्ति की तैयारी.
आंगनबाड़ी: सेविका और सहायिका के करीब 22,891 पदों पर भर्ती की उम्मीद.
