फुलपरास के टेंगरार गांव के गुड्डु कुमार कर्ण ने मैथिली विषय में UGC NET 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर इतिहास रचा है. उनकी इस उपलब्धि ने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है.
Madhubani News: फुलपरास अनुमंडल के टेंगरार गांव निवासी गुड्डु कुमार कर्ण ने यूजीसी नेट परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल की है. मैथिली विषय में उन्होंने नेट एवं जेआरएफ दोनों में सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे फुलपरास अनुमंडल क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
मैथिली में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1
गुड्डु कुमार कर्ण ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के दम पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. मैथिली विषय में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल करना उनके परिवार के साथ-साथ मिथिला की भाषा, साहित्य और संस्कृति के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है.
परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने कहा कि सीमित संसाधनों और सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद गुड्डु कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है.
सामान्य परिवार से आते हैं गुड्डु कुमार कर्ण
गुड्डु कुमार कर्ण टेंगरार गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता मिथिलेश कर्ण और माता रामकुमारी देवी हैं. उनके भाई सुभाष कर्ण और डॉ शशि रंजन कर्ण समेत शिक्षक मित्र डॉ मुरारी यादव और शशि शेखर कर्ण ने उनकी सफलता पर खुशी जतायी है.
परिजनों ने इसे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया. ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने भी गुड्डु कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणा
गुड्डु कुमार कर्ण की सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों में भी उत्साह है. लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाला विद्यार्थी भी दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर अध्ययन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है.
मैथिली में NET-JRF में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर गुड्डु कुमार ने न सिर्फ अपने परिवार और गांव बल्कि पूरे मिथिला क्षेत्र का मान बढ़ाया है.
