श्रीलंका दौरे पर भारत की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है, लेकिन चोट के कारण जसप्रीत बुमराह के बाहर होने से कप्तान शुभमन गिल के सामने प्लेइंग XI चुनने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि टीम में नंबर-3 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी कौन संभालेगा.
India vs Sri Lanka test series: भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर नई टेस्ट सीरीज की शुरुआत करने जा रही है. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी. यह मुकाबले सिर्फ सीरीज जीतने तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 में भारत की स्थिति को भी प्रभावित करेंगे.
पिछले साल घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 की शर्मनाक हार के बाद भारतीय टीम के लिए अब हर टेस्ट मुकाबला बेहद अहम हो गया है. टीम मैनेजमेंट की नजरें न सिर्फ जीत पर होंगी, बल्कि एक मजबूत संयोजन तैयार करने पर भी होंगी. लेकिन श्रीलंका रवाना होने से पहले ही टीम इंडिया को कई बड़े झटके लग चुके हैं. स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं. वहीं साई सुदर्शन, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है. इन हालात में कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर 3 अहम सवाल खड़े हो गए हैं.
नंबर-3 पर कौन करेगा बल्लेबाजी?
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में सबसे बड़ा सवाल नंबर-3 की पोजीशन को लेकर है. साई सुदर्शन इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन चोट के कारण उनकी उपलब्धता पर अभी संशय बना हुआ है. सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं. टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह समय पर फिट हो जाएंगे, लेकिन पहले टेस्ट में उनका खेलना पूरी तरह तय नहीं है. अगर सुदर्शन बाहर रहते हैं तो देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल के बीच मुकाबला हो सकता है.
देवदत्त पडिक्कल की ताकत:
- टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी का अनुभव
- घरेलू क्रिकेट में बड़ी पारियां खेलने का रिकॉर्ड
- लंबी पारी बनाने की क्षमता
ध्रुव जुरेल की मजबूती:
- दबाव में शानदार बल्लेबाजी
- तकनीकी रूप से मजबूत खेल
- टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करने की क्षमता
अब फैसला गिल और गंभीर को करना होगा कि श्रीलंका की परिस्थितियों में किस बल्लेबाज को नंबर-3 की जिम्मेदारी दी जाए.
बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज के साथी की तलाश
जसप्रीत बुमराह का बाहर होना भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के लिए बड़ा झटका है. बुमराह सिर्फ विकेट लेने वाले गेंदबाज नहीं हैं, बल्कि वह मुश्किल समय में टीम को सफलता दिलाने की क्षमता रखते हैं. अब तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज संभालेंगे। लेकिन सवाल यह है कि नई गेंद से उनका साथ कौन देगा? प्रसिद्ध कृष्णा इस दौड़ में सबसे आगे नजर आ रहे हैं. उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है और श्रीलंका की परिस्थितियों में उनकी अतिरिक्त उछाल वाली गेंदबाजी उपयोगी साबित हो सकती है. वहीं घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी भी चयनकर्ताओं की नजर में हैं. पहली बार टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले आकिब को अगर मौका मिलता है तो यह उनके करियर की बड़ी शुरुआत होगी. टीम मैनेजमेंट के सामने विकल्प साफ है कि अनुभव के साथ जाना या भविष्य को देखते हुए युवा खिलाड़ी को मौका देना.
जडेजा के साथ कौन होगा पार्टनर?
श्रीलंका के गॉल मैदान की पिच हमेशा से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रही है. ऐसे में रवींद्र जडेजा का खेलना लगभग तय माना जा रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल है कि जडेजा के साथ कितने और कौन से स्पिनर मैदान पर उतरेंगे. कुलदीप यादव इस रेस में सबसे मजबूत दावेदार हैं. उनकी कलाई की स्पिन और गेंदों में विविधता श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है. दूसरी तरफ मानव सुथार और सारांश जैन भी चयन के लिए तैयार हैं.
