Patna Bhim Army Protest : पटना में आज भीम आर्मी का अधिकार मार्च निकाला जाएगा, जिसमें 70वीं BPSC परीक्षा की न्यायिक जांच और 85% डोमिसाइल नीति जैसी प्रमुख मांगें उठाई जाएंगी. इस प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

पटना से रोहित की रिपोर्ट

Patna Bhim Army Protest : पटना में शनिवार को भीम आर्मी की ओर से अधिकार मार्च निकाला जाएगा. गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से प्रस्तावित इस मार्च को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. मुख्यमंत्री आवास और लोकभवन के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पटना में इन दिनों प्रदर्शनों का दौर लगातार जारी है. नीट परीक्षा से लेकर पीएचडी (PhD) होल्डर्स तक के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया. इसी बीच आज भीम आर्मी सड़क पर उतरेगी.

70वीं BPSC परीक्षा की न्यायिक जांच की मांग

भीम आर्मी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मार्च में 70वीं BPSC परीक्षा की न्यायिक जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी. प्रदर्शनकारी BPSC चेयरमैन पर सख्त कार्रवाई की भी मांग करेंगे. इससे पहले भी 70वीं BPSC को लेकर पटना में अभ्यर्थियों का आंदोलन हो चुका है और परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच व पुनर्परीक्षा की मांग उठती रही है.

भीम आर्मी का प्रदर्शन
भीम आर्मी का प्रदर्शन

बिहार की भर्तियों में 85% डोमिसाइल नीति की मांग

अधिकार मार्च के जरिए बिहार की सभी सरकारी भर्तियों में 85 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग भी उठाई जाएगी. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राज्य की नौकरियों में बिहार के युवाओं को अधिक अवसर मिलना चाहिए.

BSSC और अन्य परीक्षाओं को लेकर भी मांगें

प्रदर्शन के दौरान BSSC की आगामी परीक्षाओं समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाएंगे. संगठन की ओर से लंबित भर्तियों और परीक्षाओं से संबंधित प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की मांग की गई है.

सीएम हाउस के बाहर बढ़ी सुरक्षा
सीएम हाउस के बाहर बढ़ी सुरक्षा

पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के मुद्दे भी एजेंडे में

अधिकार मार्च में अति पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों पर अत्याचार, शोषण, बलात्कार और हत्या जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग भी शामिल है. आयोजकों की ओर से ऐसी घटनाओं में दोषियों के खिलाफ कड़ा कानून और त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है.

अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए OIR की मांग

प्रदर्शनकारियों की ओर से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए ऑनलाइन एफआईआर की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई जाएगी. इसके अलावा एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून की तर्ज पर अति पिछड़ा वर्ग के लिए भी अत्याचार निवारण कानून बनाने की मांग की गई है.

चंद्रशेखर आजाद के शामिल होने की चर्चा

अधिकार मार्च में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. उनके शामिल होने से प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है. हालांकि, उनके कार्यक्रम में शामिल होने की अंतिम स्थिति की आधिकारिक पुष्टि आयोजकों की ओर से ही मानी जाएगी.

CM हाउस और लोकभवन के आसपास सुरक्षा बढ़ी

मार्च के मद्देनजर मुख्यमंत्री आवास, लोकभवन, डाकबंगला चौराहा और आसपास के संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है. पटना में हाल के दिनों में छात्र संगठनों के मार्च के दौरान बैरिकेडिंग और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन चुकी है, जिसके बाद प्रशासन ऐसे प्रदर्शनों को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है.

गांधी मैदान से शुरू होगा मार्च

पोस्टर के अनुसार, अधिकार मार्च 29 अगस्त को सुबह 11 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से शुरू होगा. आयोजकों ने समर्थकों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है. प्रशासन की नजर मार्च के दौरान भीड़ की स्थिति और कानून-व्यवस्था पर रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *