Vinaytosh Mishra Odisha DGP: मधुबनी, बिहार के मूल निवासी विनयतोष मिश्रा ने ओडिशा के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) का पदभार संभाला है। उनकी नियुक्ति से मिथिलांचल से लेकर कटक तक खुशी का माहौल है।
अंधराठाढ़ी (मधुबनी)। Madhubani IPS Vinaytosh Mishra: बिहार की प्रतिभा ने समय-समय पर पूरे देश को गौरवान्वित होने का अवसर उपलब्ध कराया है। ऐसा एक बार फिर हुआ है।
मधुबनी के लाल और 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विनयतोष मिश्रा ने ओडिशा के नए पुलिस महानिदेशक(DGP) का पदभार ग्रहण अपनी बौद्धिक प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उनके पदभार ग्रहण करने की सूचना मिलते ही मिथिलांचल के मधुबनी स्थित रहिका व अंधराठाढ़ी से लेकर ओडिशा से कटक तक खुशी की लहर दौड़ गई।
समृद्ध शैक्षणिक विरासत
विनयतोष मिश्रा का पैतृक संबंध मधुबनी के रहिका प्रखंड स्थित पौना गांव से है। उनके दादा स्व. बल्लू मिश्रा और पिता डॉ. लेखनाथ मिश्रा ने उच्च शिक्षा हासिल की थी।
वहीं उनका ननिहाल अंधराठाढ़ी प्रखंड के ठाढ़ी गांव में है। उनके नाना स्व. विष्णुलाल झा शास्त्री प्रकांड विद्वान थे। ऐसे परिवार में पले बढ़े विनयतोष का शिक्षा के प्रति सहज आकर्षण था।
इंजीनियरिंग से आईपीएस तक का सफर
3 नवंबर 1966 को मधुबनी में जन्म लेने वाले विनयतोष पढ़ने में बचपन से ही कुशाग्र प्रतिभा के थे। स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीएससी (इंजीनियरिंग) की। उसके बाद उन्होंने वर्ष 1993 में यूपीएससी (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण की। आईपीएस के रूप में उन्होंने ओडिशा कैडर चुना।
बेहतर प्रशासक के रूप में पहचान
विगत तीन दशक से पुलिस विभाग की सेवा के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी प्रतिभा का छाप छोड़ा। इस दौरान अपने प्रशासकीय कौशल का पूरा प्रयोग किया।
उनकी बेहतर सेवा के लिए वर्ष 2009 में पुलिस पदक तथा वर्ष 2016 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर बेहतर काम करने के लिए 2017 में आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक भी प्रदान किया गया।
