मधुबनी के खजौली प्रखंड में एमजी ग्रुप ऑफ कंपनीज की फैक्ट्री का शुभारंभ हो गया है. इस नई इकाई से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. रोड मार्किंग पेंट और वॉल पुट्टी के उत्पादन से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

Madhubani News: मधुबनी. खजौली प्रखंड क्षेत्र के सटेढ़ गांव स्थित वार्ड संख्या-1 में सोमवार को एमजी ग्रुप ऑफ कंपनीज की फैक्ट्री का शुभारंभ किया गया. उद्घाटन समारोह में गुलाब विष्णु नरसिंह महाविद्यालय के चेयरमैन रविंद्र प्रसाद सिंह, पंचायत के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे. इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र में उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई गई.

ग्रामीण क्षेत्र में फैक्ट्री लगने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गुलाब विष्णु नरसिंह महाविद्यालय के चेयरमैन रविंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में फैक्ट्री की शुरुआत होना महत्वपूर्ण पहल है. इससे स्थानीय युवा वर्ग को रोजगार के अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन की दिशा में कंपनी की यह पहल क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है.

रोड मार्किंग पेंट और वॉल पुट्टी का होगा उत्पादन

एमजी ग्रुप ऑफ कंपनीज के संचालक मिहिर सिंह एवं गौरव कुंवर ने बताया कि फैक्ट्री में सड़क निर्माण में उपयोग होने वाले थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग पेंट और वॉल पुट्टी का उत्पादन किया जाएगा. कंपनी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में ही इन उत्पादों का निर्माण कर बाजार में उपलब्ध कराना है.

स्थानीय स्तर पर सस्ते दर पर सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास

कंपनी प्रबंधन के अनुसार फैक्ट्री में उत्पादन शुरू होने से सड़क निर्माण और भवन निर्माण से जुड़ी सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी. इससे आसपास के क्षेत्र में इन उत्पादों की उपलब्धता बढ़ने और अपेक्षाकृत सस्ते दर पर सामग्री मिलने की उम्मीद है.

स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा लाभ

ग्रामीण क्षेत्र में औद्योगिक इकाई की शुरुआत से प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा परिवहन, व्यापार और अन्य सहायक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है. इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे.

उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में 20 सूत्री अध्यक्ष सह पश्चिमी भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद पांडेय, शंभुनाथ ठाकुर, हरिवंश नारायण सिंह, समाजसेवी दिलीप कुमार सिंह, डॉ. मोहन झा, अजीत प्रताप सिंह, प्रभु नारायण सिंह, डाक बाबू शंकर कुमार सिंह, सुभाष कुंवर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *