कुशेश्वरस्थान पूर्वी में सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा कुशेश्वर की नगरी श्रद्धालुओं से खचाखच भरी रही. 300 स्वयंसेवकों की तैनाती के साथ सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं ताकि भक्त आसानी से जलाभिषेक कर सकें.

Sawan 2026: कुशेश्वरस्थान पूर्वी में सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर बाबा कुशेश्वर की नगरी श्रद्धालुओं से पटी हुई है. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं बाबा के जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ सैकड़ों स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है , ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

220 स्वयंसेवकों का चयन

व्यवस्था को लेकर शनिवार को खगड़िया धर्मशाला में न्यास समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता न्यास समिति अध्यक्ष सह एसडीओ शशांक राज और उपाध्यक्ष सह एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने संयुक्त रूप से की.

बैठक में मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और पूजा व्यवस्था में सहयोग के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती का निर्णय लिया गया. फिलहाल 220 स्वयंसेवकों का चयन कर लिया गया है. उन्हें बैज, पहचान पत्र और ड्रेस के लिए एक-एक टी-शर्ट भी उपलब्ध कराई गई.

भीड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल

एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और लोगों पर भी नजर रख रही है. प्रशासन का प्रयास है कि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को लंबी कतार और भीड़ के बावजूद सुरक्षित तरीके से दर्शन और पूजा का अवसर मिले.

पुलिस और स्वयंसेवकों से सहयोग की अपील

बैठक में बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद, न्यास समिति के सदस्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया.

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित कतार में ही पूजा करें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस व स्वयंसेवकों का सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *