पतरातू-रांची मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों और बेतरतीब पार्किंग के कारण रोज जाम लग रहा है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पतरातू : पतरातू-रांची मुख्य सड़क मार्ग पर भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है.नलकारी पुल से लेकर पतरातू रेलवे फाटक तक अक्सर सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है.इससे स्कूली बसों, दोपहिया वाहनों समेत अन्य राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.जाम के कारण विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भी विलंब हो रहा है.

 मालवाहक वाहनों के कारण लगता हैं जाम

स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य सड़क पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही अधिक होने के साथ-साथ कई बड़े वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर दिये जाते हैं. विशेषकर तलाटांड पेट्रोल पंप के समीप तीखे मोड़ पर बड़े वाहनों के खड़े रहने से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते.इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पूर्व में कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं.

मवेशियों को छोड़ देते हैं खुला

वहीं, खटाल संचालकों द्वारा मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं. जिसके कारण भी  सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है. कभी -कभी मवेशियों  के अचानक सड़क पर आ जाने से वाहन चालकों को ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है.

वाहनों के आवागमन के लिए हो समय निर्धारित

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पतरातू-रांची मुख्य मार्ग पर बड़े मालवाहक वाहनों के आवागमन के लिए समय निर्धारित किया जाये. साथ ही सड़क किनारे भारी वाहनों के बेतरतीब ढंग से पार्किंग पर रोक लगाने और खुले में मवेशी छोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *