पटना: एयरपोर्ट पर पांच साल बाद पार्किंग शुल्क में संशोधन कर नई दरें लागू कर दी गई हैं। नई दरों के तहत निजी कार और एसयूवी (7 सीटर तक) की पार्किंग का शुल्क पहले की तुलना में दोगुना कर दिया गया है। इसके साथ ही पिक एंड ड्रॉप के लिए निर्धारित समय सीमा भी घटाकर 9 मिनट कर दी गई है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि नई दरें जीएसटी सहित लागू की गई हैं और यह देश के बी-श्रेणी के सभी एयरपोर्ट पर लागू मानक शुल्क के अनुरूप हैं।

नई व्यवस्था के अनुसार, 30 मिनट तक निजी कार या 7 सीटर एसयूवी की पार्किंग के लिए अब 20 रुपये की जगह 40 रुपये देने होंगे। हालांकि बाइक और स्कूटी का शुल्क पहले की तरह 10 रुपये ही रहेगा। वहीं ऑटो और सात सीट से अधिक क्षमता वाले निजी वाहन या एसयूवी के लिए 30 मिनट तक का शुल्क 20 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है। सबसे अधिक बढ़ोतरी कोच, बस और ट्रक की पार्किंग में हुई है, जहां आधे घंटे तक का शुल्क 30 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है।
30 मिनट से दो घंटे तक की पार्किंग के लिए बाइक का शुल्क 15 रुपये ही रहेगा। निजी कार और 7 सीटर एसयूवी के लिए 55 रुपये की जगह 65 रुपये देने होंगे। ऑटो, मिनी बस और सात सीट से अधिक क्षमता वाले एसयूवी का शुल्क 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है, जबकि कोच, बस और ट्रक के लिए यह शुल्क 70 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ओला, उबर जैसी कैब सेवाओं से आगमन या प्रस्थान टर्मिनल तक आने-जाने वाले वाहनों के चालक को 55 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश से निकास तक पिक एंड ड्रॉप के लिए अब अधिकतम 9 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय से अधिक रुकने पर पार्किंग शुल्क लागू होगा।
